अकेला हूँ
नौतपे में भी खड़ा हूँ
मरा नहीं हूँ
हरा हूँ
Thursday, November 12, 2026
मौलिक लेखन
कुछ लोग लगातार बोलते रहते हैं। कुछ लोग लगातार चुप रहते हैं। बोलते रहने वालों को सुनकर अक्सर ऐसा लगता है कि इतना कैसे बोल रहे हैं! और चुप रहने वाले लोग भी अपनी चुप्पी से चौंकाते हैं कि इतना चुप कोई कैसे रह सकता है?
भाई साब चुप रहने वालों में नहीं हैं। उनके पास बैठते ही किस्से शुरू हो जाते हैं। यादें। मुलाकातें। कुछ पढ़ा हुआ। कुछ सुना हुआ। कुछ शिकायतें। कुछ आत्मप्रशंसाएँ।
उनके पास बैठना कभी-कभी कवियों के पास बैठने जैसा है। वे अपनी कविताएँ सुनाते रहते हैं। भाई साब अपनी बातें। क्या भाई साब की बातों में कविता है?
कविता जैसी तो कतई नहीं। लेकिन कविताएँ भी तो बातें ही होती हैं। एक खास व्यवस्था में लिखी या कही हुई। तो भाई साब के कहे हुए को कविता क्यों नहीं मानना चाहिए! शायद इसलिए कि उन बातों को तराशा नहीं गया है। वे एक प्रवाह में बोलते जाते हैं जिसमें कंकड़, पत्थर, मिट्टी, पानी सब कुछ है। कविता बातों की एक श्रृंखला है जिसे तराशा गया है। वह बरसाती बहाव नहीं है। वह आवेगों के बाद ठहरी हुई स्मृति है। स्वच्छ। निर्मल।
भाई साब आज अपने लेखन पर बोलने लगे। ऐसा करते हुए उन्होंने लेखकों की मौलिकता पर कुछ कहा- अगर लेखक के नाम से पाठक अनुमान लगा ले कि क्या लिखा होगा, तो वह लेखक नहीं रह जाता। लेखक पाठकों को में यह उत्सुकता बनाये रखता है कि इस बार उसने क्या लिखा है। पाठकों को अगर हर बार कोई नई बात, नया अवलोकन और नई दृष्टि नहीं मिल रही तो कोई उनको क्यों पढ़ेगा? जो लेखक इसका निर्वाह करता है, वही लेखक है।